जौनपुर में दूल्हे की गोली मारकर हत्या, चलती कार पर बदमाशों का हमला
जौनपुर, संकल्प सवेरा। जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां बारात के दौरान दूल्हे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात बादशाही पार के पास जमदहा-बीबीपुर मार्ग पर हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान 22 वर्षीय आजाद बिंद पुत्र राम लखन बिंद के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, बारात खेतासराय से जमदहा-बीबीपुर की ओर जा रही थी और तीन गाड़ियां काफिले में शामिल थीं। दूल्हा एक कार में सवार था।
रास्ते में अपाचे बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने कार को ओवरटेक किया और चलते वाहन में ही दूल्हे को निशाना बनाकर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल दूल्हे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। इस घटना से शादी का माहौल मातम में बदल गया।













