जौनपुर को ₹3,650 करोड़ से अधिक की सड़क परियोजनाओं की सौगात
पूर्व प्रत्याशी भाजपा जौनपुर कृपाशंकर सिंह ने किया स्वागत
नितिन गडकरी ने किया 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास
मुंगरा-बादशाहपुर में आयोजित कार्यक्रम में बोले केंद्रीय मंत्री—उत्तर प्रदेश में सड़कों पर खर्च होंगे 5 लाख करोड़ रुपये, गुणवत्ता से समझौता करने वाले ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट
मुंगरा-बादशाहपुर (जौनपुर)। जनपद जौनपुर सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के विकास और आधुनिक सड़क कनेक्टिविटी को नई गति देने के उद्देश्य से गुरुवार को मुंगरा-बादशाहपुर स्थित सार्वजनिक इंटर कॉलेज परिसर में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 3,650 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली आठ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास एवं भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पांच लाख करोड़ रुपये की लागत से सड़कों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क निर्माण की तस्वीर बदली है और अब सड़क परियोजनाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने ठेकेदारों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गड़बड़ी करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के साथ उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने रायबरेली और अमेठी के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में पिछले दस वर्षों में जितने विकास कार्य हुए हैं, उतने कांग्रेस ने 60 वर्षों में भी नहीं किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य किए जा रहे हैं और उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल रही है।
कार्यक्रम में मंत्री गिरीश चंद्र यादव, राज्यसभा सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी, लोक निर्माण विभाग मंत्री बृजेश सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, पूर्व गृहराज्य मंत्री महाराष्ट्र एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी जौनपुर कृपाशंकर सिंह, विवेक सिंह राजा, श्याम राज सिंह,डॉ. अजय सिंह, पूर्व सांसद, विधायक तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इन परियोजनाओं में मछलीशहर-जंघई-दुर्गागंज-भदोही मार्ग का निर्माण विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पहले मछलीशहर से भदोही पहुंचने में लगभग डेढ़ से दो घंटे का समय लगता था, लेकिन सड़क परियोजना पूरी होने के बाद यह दूरी लगभग 40 से 45 मिनट में तय की जा सकेगी।
मुंगरा-बादशाहपुर बाईपास के निर्माण से कस्बे में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। प्रयागराज जाने वाले यात्रियों और महाकुंभ एवं माघ मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा होगी। मड़ियाहूँ रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम की समस्या दूर करने में मदद मिलेगी।
इसके अतिरिक्त जगतपुर, बाबूगंज, ऊंचाहार और अलापुर में चार लेन बाईपास तथा सई नदी पर पुल निर्माण से क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा। जौनपुर शहर में लता मंगेशकर तिराहे से प्रसाद इंस्टीट्यूट तक सड़क चौड़ीकरण और रायबरेली-प्रयागराज मार्ग के विकास से यातायात का दबाव कम होगा तथा व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
इन आठ महत्वपूर्ण परियोजनाओं से जौनपुर के साथ भदोही, प्रयागराज, रायबरेली और आसपास के जनपदों को भी सीधा लाभ मिलेगा। बेहतर सड़क नेटवर्क से कृषि, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान होगी।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता सर्वोपरि रहेगी और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इन परियोजनाओं को पूर्वांचल की कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।













