जौनपुरमें श्रीरामकथा के नौवें दिन शबरी प्रसंग ने भावविभोर हुए श्रद्धालु
*, जौनपुर।* नगर के बीआरपी इंटर कॉलेज मैदान में भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्ञान प्रकाश सिंह के नेतृत्व में आयोजित नौ दिवसीय श्रीरामकथा के नौवें दिन कथाव्यास परम पूज्य आचार्य शांतनु जी महाराज ने श्रीरामचरितमानस के शबरी प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान भगवान श्रीराम की भक्ति, समता, त्याग और समर्पण का संदेश सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। पूरा कथा पंडाल जय श्रीराम के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से गूंजता रहा।
आचार्य शांतनु जी महाराज ने कहा कि भगवान श्रीराम ने शबरी के जूठे बेर खाकर संसार को संदेश दिया कि ईश्वर के लिए जाति, कुल और ऊंच-नीच का कोई भेदभाव नहीं, बल्कि सच्ची श्रद्धा और भक्तिभाव ही सर्वोपरि है। शबरी की निष्कपट भक्ति का वर्णन करते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रेम, सेवा, समर्पण और समानता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। कथा में भगवान श्रीराम के वनवास से अयोध्या वापसी, लंका विजय और राज्याभिषेक के प्रसंगों के माध्यम से आदर्श जीवन एवं रामराज्य की अवधारणा को भी समझाया गया।
आयोजक ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि श्रीरामकथा का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान करना नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के आदर्शों, भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के गौरवशाली संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि नई पीढ़ी भी अपनी संस्कृति और संस्कारों से जुड़ी रहे। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन समाज में प्रेम, सद्भाव, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है।
कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में आयोजक ज्ञान प्रकाश सिंह ने कथा में पहुंचे सभी भक्तों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भगवान श्रीराम की महिमा का गुणगान किया।











