चंद्रा मोंटेसरी स्कूल की विज्ञान प्रदर्शनी में शक्ति मोबाइल ने छात्र-छात्राओं को किया जागरूक
जौनपुर। खरका कॉलोनी स्थित चंद्रा मोंटेसरी स्कूल में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी के दौरान शक्ति मोबाइल टीम द्वारा छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक प्रमिला देवी, महिला कांस्टेबल रीना मुंडा, महिला कांस्टेबल वंदना तथा कांस्टेबल हरिकेश गौतम ने बच्चों को 1090, 181, 112, 1930 और 1076 हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही, कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम से संबंधित POSH (Prevention of Sexual Harassment) के विषय में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विज्ञान पर आधारित विभिन्न प्रकार के आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए। बच्चों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और उत्कृष्ट प्रदर्शन की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
शक्ति मोबाइल टीम ने बच्चों को रोचक एवं उपयोगी जानकारियां देते हुए उनके सवालों के जवाब भी दिए। प्रश्नोत्तर के माध्यम से विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा, आपातकालीन सहायता और साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
यह कार्यक्रम चंद्रा मोंटेसरी स्कूल की प्रधानाचार्य रीना श्रीवास्तव के आयोजन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षा, जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति संवेदनशील बनाना रहा।














