खेत में मिट्टी डालने को लेकर विवाद में बुजुर्ग की मौत, चार आरोपी गिरफ्तार
केराकत, संकल्प सवेरा जौनपुर। केराकत थाना क्षेत्र के धरौरा गांव में खेत में मिट्टी डालने को लेकर दो पड़ोसी एवं पट्टीदार परिवारों के बीच हुए विवाद में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार 15 जून को धरौरा गांव में खेत में मिट्टी डालने के मुद्दे पर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। विवाद के दौरान रामदुलार सरोज (65) गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस संबंध में जौनपुर के जौनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है तथा कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।












