जौनपुर में युवक का गर्दन कटा शव मिला
9 मीटर दूर महिला की घड़ी मिली
संकल्प सवेरा,जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के रेहटी गेट से कुछ दूरी पर वाराणसी-लखनऊ नेशनल हाईवे के किनारे गुरुवार की सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से लोगों में दहशत का माहौल है। करीब 25 वर्षीय युवक की गर्दन को धारदार हथियार से काटा गया है। युवक की आधी गर्दन कटी हुई है।युवक के शव से करीब 9 मीटर दूर सड़क के किनारे एक महिला की घड़ी पड़ी थी,
जो पुलिस को वहां मिली है। प्रेम-प्रसंग में युवक की हत्या होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर खून फैला नजर नहीं आया, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि युवक को पहले से मारकर कहीं से लाकर यहां पर फेंका गया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने वहां पर पहुंचकर जांच की।
शिनाख्त की कोशिश में जुटी पुलिस
रेहटी के पास युवक की धारदार हथियार से हत्या की आशंका है। जहां पर शव मिला है वहां आसपास भी खून के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस युवक की शिनाख्त की कोशिश में लगी है। सीओ केराकत प्रतिमा वर्मा ने बताया कि युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पायी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पड़ताल शुरू कर दी है, जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।














