योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाएं: कृपा शंकर सिंह
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस योग सप्ताह का हुआ शुभारंभ
जौनपुर,संकल्प सवेरा। शासन की मंशा के अनुरूप जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन एवं जिला विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया के दिशा-निर्देशन में आयुष विभाग द्वारा 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के योग सप्ताह का शुभारंभ लोहिया पार्क में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन महाराष्ट्र सरकार के पूर्व गृह राज्य मंत्री एवं मुख्य अतिथि कृपा शंकर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कमल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पतंजलि योग समिति उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी अचल हरिमूर्ति एवं मुख्य योग शिक्षक अरविंद कुमार ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास कराया।

मुख्य अतिथि कृपाशंकर सिंह ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए। नियमित योग, मध्यम गति से पैदल चलना और खेलकूद को जीवन का हिस्सा बनाकर व्यक्ति अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकता है।
योग प्रोटोकॉल के अभ्यास के दौरान गर्दन, कंधे और कमर से जुड़ी समस्याओं जैसे सर्वाइकल, स्पॉन्डिलाइटिस तथा रीढ़ की हड्डी से संबंधित परेशानियों के समाधान के लिए सरल योग एवं व्यायामों का अभ्यास कराया गया।
शारीरिक और मानसिक मजबूती के लिए ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन, सेतुबंध आसन, उत्तानपादासन, पवन मुक्तासन सहित शवासन और योग निद्रा का अभ्यास कराया गया।
इसके साथ ही स्वास्थ्य लाभ के लिए कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, उद्गीथ, शीतली और सित्कारी प्राणायाम के साथ ध्यान का अभ्यास भी कराया गया।
योग सप्ताह के अंतर्गत लोहिया पार्क में संगीतमय योगाभ्यास कराया जा रहा है। योग से जुड़े प्रेरणादायक गीतों ने साधकों को उत्साहित किया।
कार्यक्रम में जिला उद्यान अधिकारी सीमा सिंह, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी धर्मराज सिंह, आयुष विभाग के समस्त कर्मचारी, योग प्रशिक्षक सहित सैकड़ों की संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।













