मेला क्षेत्र पर किए जा रहे रहे कब्जे को लेकर मुख्यमंत्री से लगाई गुहार
पुलिस और राजस्व टीम ने रोका निर्माण कार्य, जांच में जुटी
ऐतिहासिक रामलीला मैदान पर प्लाटरों द्वारा अवैध कब्ज़ा
शाहगंज / जौनपुर,संकल्प सवेरा। कोतवाली क्षेत्र के सबरहद गांव स्थित एक मैदान में प्लाटिंग के लिहाज से किए जा रहे निर्माण व कब्जे का रामलीला समिति के अध्यक्ष आशुतोष श्रीवास्तव ने विरोध करते हुए स्थानीय प्रशासन सहित मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है। आरोप है कि क्षेत्र के रामलीला मैदान दशहरा मेला क्षेत्र पर प्लाटरों द्वारा अवैध निर्माण कर अवैध कब्जा किया जा रहा है। जिससे धार्मिक भावना आहत है। फिलहाल पुलिस व राजस्व टीम ने मौके पर निर्माण कार्य रुकवा दिया और जांच में जुटी है।
बता दें कि सबरहद गांव के रामलीला मैदान में गुरुवार को प्रातः भारी संख्या में एकत्रित व्यक्तियों और राजगीरों द्वारा तेज गति से निर्माण कार्य किया जाने लगा। जिस पर स्थानीय रामलीला समिति के अध्यक्ष ने इसको अवैध बताते हुए विरोध किया।
इस बाबत स्थानीय पुलिस व प्रशासन सहित मुख्यमंत्री से भी गुहार लगाई है। अध्यक्ष द्वारा कहा गया कि उक्त मैदान रामलीला मैदान दशहरा मेला क्षेत्र है। जहां पिछले 70 वर्षों से प्रतिवर्ष रामलीला खेली जाती है। व दशहरे मेले का आयोजन होता रहा है।
गोलबंद लोगों द्वारा रामलीला मेला क्षेत्र की जमीन को कब्ज़ा कर प्लाटिंग करना चाहते हैं। जिसको लेकर क्षेत्रवासियों की धार्मिक भावनाएं आहत है। वहीं प्रकरण को लेकर ग्रामीणों में व्यापक रोष व्याप्त है। फिलहाल पुलिस ने मौके पर निर्माण कार्य रुकवा दिया है और मामले की जांच में जुटी है।













