उपमुख्यमंत्री से मिले भाजपा नेता मुकेश सिंह राजपूत, डोभी के विकास पर हुई चर्चा

जौनपुर,केराकत, संकल्प सवेरा। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर डोभी-केराकत क्षेत्र के युवा भाजपा नेता मुकेश सिंह राजपूत ने वाराणसी सर्किट हाउस में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा भाजपा प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी से भेंट कर उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया।
मुलाकात के दौरान मुकेश सिंह राजपूत ने विशेष रूप से उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के समक्ष डोभी ब्लॉक क्षेत्र में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य जनहित से जुड़े विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आवश्यक योजनाओं और प्राथमिकताओं से भी अवगत कराया।
गौरतलब है कि मुकेश सिंह राजपूत डोभी ब्लॉक प्रमुख पद के संभावित दावेदार माने जा रहे हैं। आगामी ब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर उनका नाम लगातार चर्चा में बना हुआ है। क्षेत्र में उनकी सक्रिय राजनीतिक एवं सामाजिक भागीदारी के चलते समर्थकों के बीच भी उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व से लगातार संपर्क और क्षेत्रीय विकास को लेकर उनकी सक्रियता उन्हें डोभी की राजनीति में एक मजबूत युवा चेहरे के रूप में स्थापित कर रही है। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर हुई यह मुलाकात भी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।












