उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों के लिए आज सुबह आठ बजे से मतदान हो रहा है। प्रदेश की छह शिक्षक और पांच स्नातक कोटे की एमएलसी सीट के लिए भाजपा, सपा, कांग्रेस और शिक्षक संघों के अलावा निर्दलीय समेत कुल 199 उम्मीदवार मैदान में हैं।
भाजपा के लिए चुनाव काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि उच्च सदन में वह बहुमत के आंकड़े से दूर है। मतदान शाम पांच बजे तक होगा। इसका परिणाम तीन दिसंबर को आएगा। मतदान की रफ्तार शुरुआत में काफी धीमी रही। सुबह 10 बजे तक ज्यादातर बूथों पर चार से छह फीसदी मतदान हुआ था। हालांकि 11 बजते-बजते मतदान की रफ्तार तेज होने लगी। दो बजे तक बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन सीट पर 53.69 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक के लिए 24 प्रतिशत मतदान हुआ। गोरखपुर में कई बूथों पर मतदाताओं की कतारें दिखने लगीं। उधर, फर्रुखाबाद में मोहम्मदाबाद के एक बूथ पर फर्जी वोटिंग को लेकर सपा और भाजपा के कार्यकर्ता भिड़ गए। उनके बीच मारपीट होने लगी। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया है।
वहीं मैनपुरी में भी मतदान करने गए भाजपा और सपा समर्थकों के बीच जमकर विवाद हुआ। दोनों के बीच फायरिंग भी हुई। मतदान स्थल पर फायरिंग की खबर से प्रशासन में हड़कंप मच गया। कस्बा करहल में शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए मंगलवार सुबह से मतदान चल रहा था। इसी दौरान भाजपा और सपा समर्थक भी मतदान करने पहुंचे। बताते हैं कि दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पार्टियों के समर्थकों ने फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि लोगों में दहशत फैलान के लिए करीब आधा दर्ज राउंड गोलियां चलाई गईं। मतदान स्थल पर फायरिंग की खबर से प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
दो बजे तक वोटिंग की रफ्तार अच्छी खासी हो गई। इस वक्त तक पीलीभीत में 56.33 फीसदी मतदान हो गया था। बरेली में 50.54 प्रतिशत, बदायूं में 56.24, शाहजहांपुर में 55.00 प्रतिशत, मुरादाबाद 50.97 प्रतिशत, रामपुर 51.68 प्रतिशत, अमरोहा 57.15 प्रतिशत, संभल 48.77 प्रतिशत, बिजनौर में 56.25 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस तरह बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन सीट पर 53.69 प्रतिशत मतदान हुआ था। वहीं लखीमपुर खीरी में दो बजे तक स्नातक के लिए 32.06 प्रतिशत और शिक्षक के लिए 52.42 प्रतिशत वोटिंग हुई है। गोरखपुर जिले में दोपहर 12 बजे तक 25.17 फीसद वोट पड़े। जबकि देवरिया में 31.83 प्रतिशत वोट पड़े।
पीलीभीत में मतदान के शुरुआती दो घंटे में भी स्नातक शिक्षकों ने जमकर मताधिकार का प्रयोग किया। मतों का प्रयोग करने में देखी गई तेजी से जिले में मत प्रतिशत बढिया रहने की उम्मीद की जा रही है। माना जा रहा है कि शाम पांच बजे तक रिकार्ड प्रतिशतर्ग्ज किया जाएगा। इधर अमरिया क्षेत्र में डीएम और एसपी ने पहुंच कर मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया।
जिले में 1967 कुलों के लिए बीसलपुर, पूरनपुर, अमरिया और सदर क्षेत्र में सात बूथ बनाए गए हैं। यहां मताधिकार का प्रयोग करने के दौरान कोविड नियमों का पालन कराने की भी जिम्मेदारी मतदान अधिकारियों को दी गई है। वहीं जिले में सुबह आठ बजे से दस बजे के बीच कुल 152 मत डाले गए। यह कुल 7.7 फीसद दर्ज किया गया है। डीएम पुलकित खरे और एसपी जय प्रकाश ने अमरिया में निरीक्षण से पूर्व कंट्रोल रूम में जाकर व्यवस्थाओं को देखा और जानकारी हासिल की।
वाराणसी में सुबह 10 बजे तक स्नातक एमएलसी के लिए तीन बूथों पर कुल 2103 वोट में 87 वोट पड़े। जबकि शिक्षक एमएलसी के लिए 317 वोटों में 35 वोट पड़े। मतदान केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। सुरक्षाकर्मी केंद्र पर मुस्तैद दिखे। बाराबंकी में भी मतदान काफी सुस्त रफ्तार से चल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों की अपेक्षा शहर में इक्का दुक्का मतदाता ही नजर आ रहे हैं। जिले में बनाए गए 49 बूथों पर 2 घंटे बाद 10 बजे तक स्नातक एमएलसी पद के लिए 3.9 प्रतिशत तो शिक्षक एमएलसी पद के लिए कुल 5.5 प्रतिशत वोट पड़े।
शाहजहांपुर में अलग-अलग टीम बनाकर निकले अफसर
शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए मंगलवार सुबह 8 बजे से शाहजहांपुर के 10 मतदान केंद्रों पर वोटिंग शुरू हुई। शुरुआती 2 घंटे में बेहद कम मतदान हुआ। केवल 9.62 प्रतिशत मतदान का आंकड़ा सुबह 8 से 10 के बीच आया है। शाहजहांपुर जिले में कुल 3896 वोट हैं, सुबह 8 से 10 बजे बीच 342 वोट डाले.गए। इस दौरान जिले के प्रशासनिक अधिकारी अलग-अलग मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने के लिए निकले। डीएम इंद्रविक्रम सिंह नगर निगम, भावलखेड़ा, उप जिलाधिकारी प्रशासन रामसेवक द्विवेदी पुवायां पहुंचे, जहां उन्होंने मतदान केंद्र का निरीक्षण किया, यहां शुरुआत के 2 घंटे में केवल 19 वोट ही डाले गए थे। तिलहर में 371 मतदाताओं के सापेक्ष सुबह 11 बजे तक 60 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। खुटार में बरेली मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए मतदान जारी है। सुबह 10:50 बजे तक खुटार ब्लॉक मुख्यालय पर बने मतदान केंद्र में पड़े करीब 22 वोट पड़े। जलालाबाद में 124 मतदाताओं के सापेक्ष सुबह 11 बजे तक 35 मतदाताओं ने मत का प्रयोग किया।
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना बोले-भाजपा की जीत पक्की
शाहजहांपुर में नगर निगम मतदान केंद्र पर शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान करने वालों की लंबी लाइन लग गई। यहां वैसे तो प्रशासन ने दावा किया था कि फेसकवर और सेनीटाइजर का इस्तेमाल किया जाएगा, लेकिन दिखा कुछ नहीं। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, तिलहर विधायक रोशन लाल वर्मा भी अपने बूथ पर बैठे दिखाई पड़े। वित्त मंत्री ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लों की जीत पक्की है, वह भारी मतों से विजयी होंगे। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि हरि सिंह ढिल्लों बिजनौर से लेकर शाहजहांपुर तक भारी मतों से जीत रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि 80% वोट हरि सिंह को मिलेंगे। 20 प्रतिशत में बाकी सभी लोग रहेंगे। दोनों ने आखिरी में एक नारा भी लगाया… कहां पड़े हो चक्कर में, कोई नहीं है टक्कर में।
जानिए 2 बजे तक कहां कितनी हुई वोटिंग
- बरेली – 50.54
- बदायूं – 56.24
- शाहजहांपुर – 55.00
- पीलीभीत – 56.63
- मुरादाबाद – 50.97
- रामपुर – 51.68
- अमरोहा – 57.15
- संभल – 48.77
- बिजनौर – 56.25
- कुल- 53.69 प्रतिशत