वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं: कृपाशंकर सिंह
जौनपुर, संकल्प सवेरा। श्री साईं बाबा जनता हाईस्कूल, शेषपुर (जौनपुर) में सम्मान समारोह, पौधारोपण एवं जन्मदिन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाराष्ट्र सरकार के पूर्व गृह राज्यमंत्री एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह रहे। उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि कृपाशंकर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के इस दौर में प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। वृक्ष न केवल हमें शुद्ध हवा और छाया प्रदान करते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की भी नींव रखते हैं। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारियों का निर्वहन भी आवश्यक है। विद्यालयों में इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम और सामाजिक सरोकार की भावना विकसित करते हैं।
इसके पूर्व विद्यालय में आयोजित जन्मदिन समारोह में मुख्य अतिथि ने केक काटकर बच्चों के साथ खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर विद्यार्थियों को ड्रेस वितरित की गई तथा वर्षा ऋतु को देखते हुए सभी बच्चों को छाते भी प्रदान किए गए। बच्चों ने इस पहल के लिए मुख्य अतिथि एवं विद्यालय प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।
विद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथि का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत और सम्मान किया। कार्यक्रम में शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाले लोगों की भी सराहना की गई।
इस अवसर पर भाजपा प्रवक्ता ओमप्रकाश सिंह, सुनीता सिंह, श्याम राज सिंह, राजरानी फाउंडेशन की अध्यक्ष राजरानी, विजय शंकर उपाध्याय, शशि सिंह, अजीत सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।












