सेवा भारती बेटियों को सिखायी गयीं आत्मरक्षा एवं कानून की बारीकियां

जौनपुर, संकल्प सवेरा। सेवा भारती समिति काशी प्रान्त के तत्वावधान में जौनपुर जिला एवं विभाग द्वारा सिद्दीकपुर में स्थित एक विद्यालय में आयोजित ‘किशोरी विकास प्रशिक्षण वर्ग’ में किशोरियों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के गुर सिखाये जा रहे हैं। बीते 22 मई से जारी शिविर में किशोरियों को संस्कार, आत्मविश्वास और आत्म विकास के साथ कानूनी अधिकारों की महत्वपूर्ण जानकारी दी गयी।
का शुभारम्भ प्रात: वन्दन के साथ क्षेत्र संयोजिका शारदा बहन, प्रान्त महामंत्री जियुत राम, जौनपुर विभागाध्यक्ष सेवा भारती डा. तेज सिंह, वर्गाधिकारी डा. वंदना सरकार और मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता रश्मि सिंह (सदस्य केन्द्रीय टोली) की उपस्थिति में हुआ। सभी अतिथियों और किशोरियों ने भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करके सत्र की शुरुआत किया।
शिविर के मुख्य सत्र को सम्बोधित करते हुये सेवा भारती किशोरी विकास केन्द्रीय टोली की सदस्य व वरिष्ठ अधिवक्ता रश्मि सिंह ने किशोरियों को पोक्सो (POCSO) कानून के बारे में विस्तार से समझाया। साथ ही बताया कि “18 वर्ष तक की किशोरियों के साथ यदि समाज के विकृत मानसिकता वाले लोगों द्वारा किसी भी तरह का शारीरिक या मानसिक शोषण किया जाता है तो वे इस कानून के माध्यम से मुखर होकर विरोध दर्ज करा सकती हैं और अपना बचाव कर सकती हैं। समाज में कई ऐसे अपराधी होते हैं जो चेहरे से पहचान में नहीं आते लेकिन उनके कुकृत्य बेटियों को आहत करते हैं। ऐसे तत्वों से डरने के बजाय कानून का सहारा लें।
उच्च न्यायालय लखनऊ खण्डपीठ की अधिवक्ता रश्मि सिंह ने किशोरियों को विषम परिस्थितियों से निपटने के लिये पुलिस हेल्पलाइन नम्बरों की जानकारी देते हुये समाज के असामाजिक तत्वों से खुद को सुरक्षित रखने के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित किया। शिविर में जौनपुर सहित आस-पास की किशोरियां अत्यंत उल्लास और ऊर्जा के साथ भाग ले रही हैं। शिविर का मुख्य उद्देश्य बेटियों में संस्कार के साथ आत्मरक्षा की भावना और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है, ताकि वे समाज में सिर उठाकर सुरक्षित जी सकें। इस अवसर पर तमाम लोग उपस्थित रहे।











