नौपेड़वा(जौनपुर) बक्शा कृषि विज्ञान केंद्र पर मंगलवार को एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत दो दिवसीय कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। प्रथम दिन नवीन उद्यान रोपण, पुष्प व मसाला खेती उत्पादन तकनीकी एवं प्रबंधन विषय पर आयोजित गोष्ठी के मुख्य अतिथि केराकत विधायक दिनेश चौधरी ने कहा कि आज बदलते परिवेश में किसान बागवानी खेती कर अधिक मुनाफा कमा सकतें है। उन्होंने कहा कि किसान वैज्ञानिक विधि से तकनीकी खेती के माध्यम से प्रगति कर सकतें है। विधायक ने कहा कि आज कुछ राजनैतिक दल के लोग किसान आंदोलन के नाम पर उन्हें गुमराह कर रहें है। केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक व समन्वयक डॉ. सुरेश कुमार कनौजिया ने किसानों को बागवानी मिशन के तहत हल्दी, पपीता व गर्मी में बोई जाने वाली हरा धनियां की खेती से होने वाले मुनाफा की जानकारी दी। पेड़ लगाने से पूर्व गड्ढा विधि की जानकारी दी। इस दौरान जिला कृषि अधिकारी हरिशंकर राम ने भी बागवानी की विस्तृत जानकारी दी। कृषि वैज्ञानिक डॉ. सन्दीप, डॉ. सोमेन्द्र नाथ, डॉ. सुरेन्द्र प्रताप सोनकर, डॉ. अनिल कुमार, अमित सिंह ने भी किसानों को संबोधित किया। संचालन उप परियोजना निदेशक आत्मा डॉ. रमेशचंद्र यादव व आभार उद्यान अधिकारी अमरनाथ गौतम ने किया। इस दौरान प्रगतिशील किसान दुर्गा मौर्या, लालचन्द यादव, वीरबल विंद, पुष्पेन्द्र बहादुर, सुजीत मिश्र, महेन्द्र यादव सहित दर्जनों लोग मौजूद रहें। कार्यक्रम से पूर्व मुख्य अतिथि विधायक को वैज्ञानिक डॉ. सुरेश ने शाल व पूर्व पीएम अटलविहारी का चित्र भेंट किया।