05 प्रतिशत वैज्ञानिकों की ग्लोबल सूची (वैश्विक) में प्रोफेसर अनीता सिंह को मिला स्थान
(जनपद जौनपुर एवं कुशीनगर का बढ़ाया मान एवं प्रतिष्ठा)
संकल्प सवेरा , जौनपुर। कुमायूँ विश्वविद्यालय की भीमताल परिसर, नैनीताल स्थित तकनीकी संकाय की संकायाध्यक्ष प्रोफेसर अनीता सिंह को साइंस रैंक ग्लोबल द्वारा वर्ष 2025 हेतु जारी सूची में विश्व के शीर्ष 05 प्रतिशत वैज्ञानिकों में स्थान प्राप्त हुआ है।
यह सूची वैज्ञानिकों द्वारा किये जा रहे उत्कृष्ट शोध कार्यों, उच्च गुणवत्ता वाले शोध प्रकाशनों तथा वैश्विक वैज्ञानिक समुदाय में दिये गये महत्वपूर्ण योगदान के आधार पर तैयार की जाती है। इस सूची में स्थान बनाने वाली अनीता सिंह अपने पिता स्व० श्री प्रेम नारायण सिंह, रीडर, भौतिक विज्ञान, तिलकधारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लाइन बाजार जौनपुर में परिवार सहित निवास करती थीं। इनका विवाह कैप्टन दिनेश कुमार सिंह, निवासी ग्राम नदवा बिशुनपुर, थाना चौराखास, जनपद कुशीनगर से हुआ। वर्तमान में भीमताल, जनपद नैनीताल, उत्तराखण्ड में परिवार सहित निवास करती हैं।
प्रोफेसर अनीता सिंह वर्तमान में भेषज विज्ञान विभाग की प्राध्यापक होने के साथ इस विभाग की विभागाध्यक्ष भी रही हैं। वर्तमान में कुमायूँ विश्वविद्यालय के तकनीकी संकाय की संकायाध्यक्ष हैं। इनके 90 से अधिक शोधपत्र अन्तर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित किये गये हैं। इनके पुत्र श्री युवराज सिंह भी सी.डी.आर.आई. लखनऊ में वैज्ञानिक हैं।
इनकी उपलब्धि पर सर्वश्री रामाशीष सिंह बघेल, सुरेशनाथ सिंह, श्यामसुन्दर सिंह, अजय सिंह, शुभचिन्तकों सहित क्षेत्र के निवासियों द्वारा इस अनुकरणीय उपलब्धि पर अपार हर्ष एवं खुशी व्यक्त की गयी है।













