*जौनपुर पुलिस की बड़ी सफलता: मुठभेड़ में अवैध असलहा तस्कर गैंग का पर्दाफाश, गैंग लीडर घायल समेत 4 गिरफ्तार
*केराकत, गौराबादशाहपुर पुलिस, स्वाट/एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई, 3 पिस्टल, 10 तमंचे, कारतूस व 2 बाइक बरामद*
*जौनपुर, संकल्प सवेरा।जिले में अवैध असलहों की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार को थाना केराकत, गौराबादशाहपुर पुलिस, स्वाट/एसओजी व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गैंग लीडर शैलेश यादव के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके तीन अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में एक बाल अपचारी भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, मोहर्रम पर्व के मद्देनज़र चेकिंग अभियान के दौरान सूचना मिली कि बगधरी नहर पुलिया पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर चार बदमाश केराकत की ओर भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही मल्लूपुर नहर पुलिया पर घेराबंदी की गई। पुलिस ने जब संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में गैंग लीडर शैलेश यादव के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि बाकी तीन आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त का संगठित गिरोह चलाते हैं और भारी मात्रा में हथियार सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस ने मौके से 3 देशी पिस्टल, 10 तमंचे, कारतूस, 2 मोटरसाइकिल और 3 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
मुख्य आरोपी शैलेश यादव पर हत्या के प्रयास, चोरी, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट, एससी/एसटी एक्ट समेत जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ के विभिन्न थानों में 16 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी करन यादव पर भी पूर्व से आपराधिक मामला दर्ज है।
घायल शैलेश यादव को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बरामदगी के आधार पर थाना केराकत में मुकदमा दर्ज कर पुलिस गिरोह के नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है।













