दो किशोरियों की डूबने से मौत, शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह

जौनपुर, संकल्प सवेरा। जफराबाद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नहोरा (पनहरिया पुरवा) में नहाते समय नदी में डूबने से हुई दो किशोरियों की मौत की घटना से गांव में शोक का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह शनिवार को मुंबई से सीधे गांव पहुंचे और मृतक परिवारों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की।

इस दौरान उन्होंने उपजिलाधिकारी सुनील भारती से बात कर पीड़ित परिवार को शासन स्तर से मिलने वाली सभी आवश्यक सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने की बात कही।
जानकारी के अनुसार, नहोरा गांव के प्रधान त्रिषिराज यादव ने बताया कि पनहरिया पुरवा की रहने वाली करीब 15 से 18 वर्ष उम्र की छह सहेलियां दोपहर करीब साढ़े 12 बजे घर से लगभग एक किलोमीटर दूर शिव मंदिर के पास जलालपुर घाट पर स्नान करने गई थीं। नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से पिंकी उर्फ गुड़िया (16 वर्ष), पुत्री भोला नाथ और शिवांगी (17 वर्ष), पुत्री भईया लाल डूब गईं, जिससे दोनों की मौत हो गई।
सहेलियों को बचाने के प्रयास में गुंजा पुत्री पारसनाथ गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका उपचार चल रहा है। कृपाशंकर सिंह ने घायल गुंजा के परिजनों से मुलाकात कर उसकी आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए बीएड की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने की बात कही।
उन्होंने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। घटना के बाद गांव में शोक व्याप्त है। इस दौरान श्याम राज सिंह,राजेश सिंह,दीपक,ग्राम प्रधान आदि रहे।











