रिजर्व पुलिस लाइन जौनपुर में भव्य दीक्षांत परेड, 687 रिक्रूट आरक्षियों ने पूरी की ट्रेनिंग
जौनपुर, संकल्प सवेरा– रिजर्व पुलिस लाइन जौनपुर के परेड ग्राउंड में रविवार को ‘रिक्रूट आरक्षी दीक्षांत परेड समारोह 2025-26’ का भव्य और गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर 24 टोलियों के कुल 687 रिक्रूट आरक्षियों ने नौ माह के कठिन प्रशिक्षण के उपरांत शानदार परेड का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण रहे, जिन्होंने परेड की सलामी ली और टोलियों का निरीक्षण किया।
समारोह की शुरुआत सुबह 08:25 बजे परेड कमांडर द्वारा परेड को मैदान में लाने के साथ हुई। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह के आगमन पर उनका अभिवादन किया गया। मुख्य अतिथि के पहुंचने पर परेड की सुसज्जित टोलियों ने सलामी दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसमें उन्होंने पुलिस बल को आधुनिक, संवेदनशील और अपराध के प्रति सख्त बनने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि वैभव कृष्ण ने अपने संबोधन में कहा कि नौ माह के कठिन प्रशिक्षण के बाद ये 687 आरक्षी अब सेवा के लिए तैयार हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस के 160 वर्षों के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए इसे विश्व की सबसे बड़ी सिंगल सिविल पुलिस फोर्स बताया। उन्होंने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से चुने गए ये युवा ईमानदारी और योग्यता के प्रतीक हैं।
उन्होंने नवआरक्षियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण केवल शारीरिक और तकनीकी दक्षता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उन्हें जिम्मेदार, सजग और संवेदनशील पुलिसकर्मी बनने की दिशा में तैयार करता है। उन्होंने साइबर अपराध, सोशल मीडिया की भ्रामक सूचनाओं और डिजिटल साक्ष्यों के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने प्रशिक्षण का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।
अन्तः कक्ष परीक्षा में प्रथम स्थान अमित कुमार ने प्राप्त किया, जबकि बाह्य कक्ष परीक्षा में अनिकेत प्रथम रहे। सर्वांग सर्वोत्तम प्रशिक्षु का खिताब भी अमित कुमार को मिला। परेड कमांडर के रूप में आयुष कुमार शुक्ला, आर्यन पुनिया और अमित कुमार ने जिम्मेदारी निभाई।
समारोह के अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने सभी रिक्रूट आरक्षियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद टोलियों ने अनुशासित ढंग से प्रस्थान किया













