AI इंजीनियर सुसाइड केस- पत्नी, सास समेत 3 गिरफ्तार
संकल्प सवेरा। AI इंजीनियर अतुल सुभाष सुसाइड केस में बेंगलुरु पुलिस ने उनकी पत्नी, सास और भाई को गिरफ्तार किया है। बेंगलुरु पुलिस के DCP शिवाकुमार ने कहा- अतुल सुभाष की सास निशा सिंघानिया और साले अनुराग को प्रयागराज से, जबकि पत्नी निकिता को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया।
शनिवार को गिरफ्तारी के बाद इन सभी को कोर्ट के सामने पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कितने दिन की हिरासत में भेजा गया, ये फिलहाल स्पष्ट नहीं है। अतुल ने 9 दिसंबर को बेंगलुरु के फ्लैट में सुसाइड किया था। आत्महत्या से पहले 1.20 घंटे का वीडियो बनाया। इसमें पत्नी निकिता और उनकी फैमिली पर हैरेसमेंट का आरोप लगाया।
अतुल के भाई की एप्लीकेशन पर बेंगलुरु में 4 लोगों पर FIR दर्ज हुई। इसमें पत्नी निकिता, सास निशा, साले अनुराग और चाचा ससुर सुशील सिंघानिया का नाम है।
FIR के बाद शुक्रवार 13 दिसंबर को बेंगलुरु पुलिस जौनपुर पहुंची थी। टीम अतुल सुभाष के ससुराल गई तो वहां ताला बंद था। टीम ने नोटिस चस्पा कर दिया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही अतुल की सास, साला फरार हो गए। पुलिस ने पड़ोसियों से पूछताछ की थी, लेकिन परिवार के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।

11 दिसंबर की रात 1.30 बजे सुभाष की सास और साले का घर से भागते का वीडियो सामने आया था। इसमें वे ताला बंद करके बाइक से भागते दिखे थे। वहां मौजूद मीडियाकर्मियों ने पूछा तो सास ने कोई जवाब नहीं दिया और हाथ जोड़ लिया।
घर से भागकर वह जौनपुर के ही एक होटल में पहुंची थीं। वहां थोड़ी देर रुकी। फिर वहां से फरार हो गईं। होटल का भी सीसीटीवी सामने आया था, जिसमें दोनों नजर आए थे।













