चूरा मशीन की साफ्टीन में फंसकर महिला की दर्दनाक मौत
खुटहन,संकल्प सवेरा(जौनपुर)थाना क्षेत्र स्थित ब्लाक मुख्यालय के बगल लोहार की पाही पर शुक्रवार की शाम चूरा कूटने की मशीन के साफ्टीन में फंसकर एक अधेड़ महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। परिजनों के आग्रह पर पुलिस ने पंचनामा के बाद शव अंत्येष्टि हेतु उन्हें सौंप दिया।जिसके बाद पिलकिछा घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक खुटहन गांव निवासी रामलुटावन गुप्ता उक्त पाही के पास चूरा कूटने की मशीन लगाये हुए हैं।जो डीजल इंजन से संचालित है। इसी के सामने फुटपाथ पर वे दुकान लगाकर बच्चों के कपड़े बेंचते है। यहां तमाम किसान धान से चूड़ा बनवाते हैं। इससे जो कमाई होती है उसी से उनका परिवार पलता है। शुक्रवार को उनकी पत्नी सावित्री देवी उम्र लगभग 50 वर्ष मशीन चालू कर धान का चूरा बना रही थी। उनके साड़ी का आंचल इंजन से लगी साफ्टीन में फंस गया। वह संभल पाती कि साड़ी लपेटने के साथ वह भी साफ्टीन से चिपक गई। वह गोल गोल साफ्टीन के साथ घूमने लगी। वहां खड़े लोग दौड़ कर इंजन बंद किए, लेकिन तब तक सिर व शरीर में गंभीर चोटें आने से सावित्री की दर्दनाक मौत हो गई।