युवती पर चाकू से प्राणघातक हमला करने का आरोपित गिरफ्तार
खुटहनसंकल्प सवेरा (जौनपुर)थाना क्षेत्र अंतर्गत दरना गांव के विश्वकर्मा मोड़ पर बीते रविवार को साइकिल से जा रही युवती पर पीछे से मुंह बांधकर आये बाइक सवार द्वारा उसकी पीठ पर चाकू से वार कर फरार हो जाने के मामले में पुलिस ने गुरुवार की भोर आरोपी को रामापुर गांव से हिरासत में ले लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसका चलान न्यायालय भेज दिया गया।
दरना जमोहरा गांव निवासी जवाहर लाल बिंद की पुत्री करिश्मा भागमलपुर गांव स्थित एक ब्यूटी पार्लर पर गयी थी। जहां से शाम साढ़े छह बजे वापस घर लौट रही थी। उक्त मोड़ पर पीछे से मुंह ढककर आया बाइक सवार युवक उसकी पीठ पर चाकू से वार कर फरार हो गया। घटना की जानकारी होते ही थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह हमराहियों सहित आरोपित की तलाश में जुट गए।
युवती के फोन की काल डिटेल के आधार पर संदिग्धों की धर पकड़ शुरू कर दिया। भोर में नगवां गांव निवासी अखिलेश पासवान को रामपुर गांव से हिरासत में ले लिया। युवती ने भी हमलावर के रूप में उसकी शिनाख्त कर लिया है।













