रोडवेज बस की चपेट में आने से किशोर की मौत
सिकरारा। जौनपुर सिकरारा बाजार के समीप जौनपुर प्रयागराज मार्ग पर रविवार को तेज रफ्तार उत्तर प्रदेश परिवहन की बस से कुचलकर साइकिल सवार एक किशोर की मौत हो गई। किशोर आयुर्वेद अस्पताल के सामने बगीचे में रहने वाले धरिकार बस्ती का था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँच गयी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बस चालक थाने के थोड़ी दूर आगे बस खड़ी कर फरार हो गया
धरिकार बस्ती निवासी किशोर आकाश उर्फ मोटू अपने चचेरे भाई कमलेश के साथ साइकिल से सिकरारा पुरानी बाजार से बस्ती की तरफ लौट रहा था तभी बस्ती से महज सौ मीटर पहले गोरखपुर से प्रयागराज जा रही सिविल लाइंस की रोडवेज बस की चपेट में आ गया। तेज रफ्तार बस के धक्के से आकाश का सिर पहिये के नीचे आ गया जबकि कमलेश दूर छिटक गया,कमलेश को मामूली चोट लगी जबकि आकाश की मौके पर मौत हो गई।घटना की सूचना आकर मृतक के पिता मायाराम निवासी रैना थाना दक्षिणटोला मऊ ,माँ गेना देवी चाचा पप्पू सहित बस्ती के लोग मौके पर पहुँच गए।सड़क के किनारे परिजन बिलखने
लगे,तभी थाने की पुलिस मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।उधर बस चालक बस को थाने के आगे खड़ा कर फरार हो गया। बस कंडक्टर दयाशंकर निवासी प्रयागराज ने बताया कि बस में कुल 18 यात्री सवार थे।बस चालक मनोज कुमार बस खड़ी कर फरार हो गया।पुलिस बस थाने लाकर मृतक के परिजनों से तहरीर लेकर कार्रवाई में जुट गई।













