रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार पिता और पुत्र की मौत
जौनपुर,संकल्प सवेरा शाहगंज बाजार में रोडवेज डिपो के समीप रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार पिता की मौत हो गई और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पास के सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। बीबीगंज पुलिस चौकी क्षेत्र के कोपा गांव निवासी बांकेलाल (60) बुधवार को अपने पुत्र पवन (35) के साथ बाइक से आजमगढ़ जिले के पलिया गांव जा रहे थे।
वहां पवन की ससुराल है। शाम में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होना था। बाइक से दोनों शाहगंज डिपो के समीप से गुजर रहे थे तभी सुल्तानपुर की ओर से आ रही रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को सीएचसी शाहगंज पहुंचाया।
यहां डॉक्टरों ने बांकेलाल को मृत घोषित कर दिया। बेटे पवन की हालत गंभीर देख रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। इधर, हादसे की सूचना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा है













