अधिवक्ताओं ने सौंपा उपजिलाधिकारी को ज्ञापन
पुलिस पर लगाया उत्पीड़न का आरोप
संकल्प सवेरा शाहगंज / जौनपुर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष स्कन्द यादव व महामंत्री पुष्पकान्त यादव के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी नीतीश सिंह एवं क्षेत्राधिकारी अंकित कुमार को सरपतहा थानाध्यक्ष के विरुद्ध ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि अधिवक्ता दिनेश दूबे व परिजनों पर फर्जी मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं अधिवक्ता के साथ पुलिस ने दुर्व्यवहार किया। बताया जाता है कि अधिवक्ता के ट्यूबवेल का ताला तोड़ गांव के कुछ लोग बैठे थे। पूछने पर हाथापाई व गाली गलौज पर उतर आये।
अधिवक्ता ने 112 नम्बर को सूचना दी। जिसके बाद बैठे लोगों को पुलिस अपने साथ ले गयी। ज्ञापन में कहा गया है कि पुलिस ने अधिवक्ता समेत परिजनों पर ही मामला दर्ज कर लिया। दूसरे दिन थाने पर जाने पर दुर्व्यवहार किया गया। फिलहाल मांग की गई है कि अधिवक्ता व परिजनों पर दर्ज मुकदमा वापस लिया जाये। दोषियों एवं थानाध्यक्ष के विरुद्ध कार्रवाई की जाय।












