जौनपुर,संकल्प सवेरा । इस बार विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए एक के बाद एक निर्णय लिए जा रहे हैं। चुनाव में अधिक से अधिक मतदाताओं की सहभागिता के लिए मतदाता शिक्षा व निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में वोट करेगा जौनपुर नाम से क्विज प्रतियोगिता का आयोजन कराने का निर्णय लिया गया है, जो तीन स्तर पर कराई जाएगी। इसके लिए तिथि तय करने के साथ ही पर्यवेक्षकों की तैनाती कर दी गई है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. गोरखनाथ पटेल ने बताया कि जागरूकता अभियान के क्रम में तीन स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई हैं। विद्यालय स्तर की प्रतियोगिता 12 फरवरी को समस्त प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में होगी। इसमें संबंधित प्रधानाध्यापकों को पर्यवेक्षक बनाया गया है। वहीं ब्लाक स्तर की प्रतियोगिता 15 फरवरी को प्रत्येक बीआरसी या निर्धारित स्थल पर होगी। इसमें संबंधित क्षेत्र के खंड शिक्षाधिकारी को पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
उन्होंने बताया कि जिला स्तर की प्रतियोगिता जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में 18 फरवरी को होगी। इसके लिए डायट प्राचार्य व बीएसए को पर्यवेक्षक बनाया गया है। बीएसए ने बताया कि जनपद स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मतदाताओं, प्रतिभागियों को क्रमश: 15 हजार, दस हजार व पांच हजार की धनराशि पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी। उन्होंने बताया कि किसी प्रकार की जानकारी के लिए प्रतिभागी खंड शिक्षाधिकारी के संपर्क कर सकते हैं












