रहस्यमय परिस्थितियों में कुएं में मिला अधेड़ का शव
मुंगराबादशाहपुर, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के बिलोई गांव स्थित एक कुएं में मंगलवार की दोपहर में एक अधेड़ का शव मिला है । सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण हेतु जौनपुर भेज दिया ।
क्षेत्र के बिलोई गांव स्थित कुएं में मंगलवार की दोपहर कुछ लोगों ने देखा कि कुएं में एक शव पड़ा है । कुएं में शव मिलने की सूचना जंगल में आग की तरह फैल गई तथा कुएं के पास लोगों की भीड़ जमा हो गई । घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान ने घटना की सूचना पुलिस को दी । सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची मुंगराबादशाहपुर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर शक के आधार पर मुंगराबादशाहपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले आई ।
जिसे देखते ही चिकित्साधिकारी ने मृत घोषित कर दिया । थाना पुलिस द्वारा शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया तो कुछ लोगों ने उसकी पहचान मुंगराबादशाहपुर नगर के अम्बेडकर नगर निवासी लाल मनि (52) के रूप में की। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंच कर उसकी पहचान की।
इस बाबत मृतक के परिजनों ने मुंगराबादशाहपुर थानाध्यक्ष सदानंद राय को दिए प्रार्थना पत्र में बताया है कि लालमनि मानसिक रूप से अस्वस्थ थे । वह 25 अक्टूबर की रात में घर से लापता हो गए । जिनकी खोजबीन की गई लेकिन कोई अता-पता नहीं चल सका था ।












