दो और कच्चे मकान ढहे, खुले आसमान के नीचे आये परिवार
संकल्प सवेरा खुटहन थाना क्षेत्र में हुई जमकर बरसात के बाद गांवों में जलजमाव के चलते मकानो के गिरने का सिलसिला लगातार जारी है। सोमवार की रात लवायन गांव में दो और कच्चे मकान धराशायी हो गये। दोनो परिवार खुले आसमान के नीचे बसर करने को विवश है। पात्रता की शर्ते पूरी करने के बाद भी आज तक इन्हें सरकारी आवास मयस्सर नहीं हो सका। इसके पूर्व में भी क्षेत्र के अलग अलग गांवों में आधा दर्जन लोगों का मकान एमीदोंज हो चुका है।
लवायन गाँव निवासी उमेश पासवान सोमवार की रात भोजन के बाद बच्चों के साथ कच्चे मकान की दीवार के सहारे लगे छप्पर में सो रहा था। तभी मकान के पीछे दीवार दीवार ढह गई।
आवाज सुन सभी लोग बाहर की तरफ भागे। इसी गांव के बेगराजपुर पुरवा निवासी समारू राम का मकान भी इसी तरह ढह गया। गनीमत थी कि कोई दुर्घटना नहीं हुई। मलबे में दबकर गृहस्थी का हजारों की कीमत का सामान नष्ट हो गया। दोनों परिवार मेहनत मजदूरी करके परिवार का गुजारा करते है।












