कर्म की महत्ता ही सृष्टि का सार है – फादर पी विक्टर
संकल्प सवेरा, जौनपुर। सेंटजॉन्स स्कूल,सिद्दीकपुर में विश्वकर्मा-पूजा का आयोजन किया गया।इस अवसर पर विद्यालय में स्थित सभी यंत्रों की आराधना की गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर पी विक्टर ने कहा कि हमारे देश में अनेक पर्व त्योहार मनाए जाते हैं,हमारा देश पर्वों और त्योहारों का देश है।
हर त्योहार के पीछे कुछ न कुछ रहस्य छिपा रहता है।विश्वकर्मा पूजा के पीछे सतत कर्म करने का रहस्य छिपा है।हम सतत कर्म करते रहें ; क्योंकि कर्म की महत्ता ही सृष्टि का सार है।सृष्टि में मानव ईश्वर की सर्वोत्तम कृति है और उनके द्वारा प्रदत्त बुद्धि,ज्ञान एवं शक्ति द्वारा ही वह कर्म करता है तथा यंत्रों आदि का आविष्कार एवं निर्माण कर जीवन-पथ को सुगम बनाता है।
इसलिए हमारी संस्कृति में यंत्रों के सम्मान एवं आराधना करने की परंपरा है।इस दिन सभी मशीनों की साफ सफाई की जाती है ताकि वे सुचारू रूप से काम कर सकें। सभी यंत्र जिनका हम उपयोग करते हैं
वे शिक्षक,कर्मचारी,अभिभावक एवं बच्चों के लिए सकारात्मक प्रभाव दें और हितकर हों इसके लिए ईश्वर से प्रार्थना है।इस अवसर पर अध्यापक-अध्यापिकाएँ एवं समस्त कर्मचारीगण उपस्थित रहे।