वर्षों से चले आ रहे कर्बला की सम्पत्ति पर विवाद का निपटारा
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली में हुआ समझौता
संकल्प सवेरा,शाहगंज / जौनपुर नगर के भादी खास मुहल्ले में वर्षों से चले आ रहे विवाद को पुलिस एवं प्रशासन द्वारा देर रात सुलह कराया गया। वर्षों से संघर्ष का पर्याय बने विवाद को दोनों पक्षों की सहमति से किया गया समाधान।

भादी खास मोहल्ले में तहसीन फात्मा पत्नी तौकीर हसन एवं फूलजहां पत्नी मो साहबान के बीच जमीनी विवाद दस वर्षों से चला आ रहा है। मोहम्मद साहबान ने मुशीर हसन से 2012 में बैनामा लिया था। जबकि तहसीन फात्मा के मुताबिक उक्त भूमि कर्बला को वक्फ हैं। बैनामा को फर्जी बताया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में लगातार विवाद हो रहा था।
तहसीन एवं पुत्री नसरिन रिजवी पुलिस अधीक्षक को बराबर प्रार्थना पत्र दे मामले के निस्तारण का निवेदन किया था। एसपी ने मामले की गम्भीरता देखते हुए शुक्रवार की देर शाम एसपी सिटी डा संजय कुमार को कोतवाली भेजा। इस दौरान उपजिलाधिकारी राजेश कुमार वर्मा, सीओ अंकित कुमार, कस्बा कानूनगो नीरज कुमार, प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह लेखपाल आदि रात को ही मौके पर पहुचें। दोनों पक्षों को कोतवाली बुला समझौता कराया गया।
समझौते में कहा गया है कि विवादित भूखंड पर कोई भी निर्माण कार्य नहीं होगा न ही धार्मिक आयोजन किया जा सकेगा। वहीं सुरक्षा की दृष्टि गत दरवाजा लगाने की अनुमति दी गई है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। किसी ने भी समझौते का उल्लंघन किया तो उसे जेल भेजा जायेगा। फिलहाल समझौते से जहां दोनों पक्षों ने राहत महसूस कर रहे हैं वहीं पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है।












