आजमगढ़. आजमगढ़ जिले में कोरोना काल में बढ़ते संक्रमण के बीच एक ऐसी तस्वीर सामने आयी, जो जिला प्रशासन और पुलिस (Police) के तमाम दावों की पोल खोल रही है. एक वायरल वीडियो (Viral Video) में लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू के बीच एक नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य शादी समारोह में बार बालाओं के साथ ठुमके लगाते नजर आये. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियों में सगड़ी तहसील के रूद्रपुर क्षेत्र से बीजेपी समर्थित नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य फौजदार यादव एक शादी समारोह में पहुंचे थे, जहां डीजे पर बार बाला डांस कर रही थी. यह देख नेताजी भी खुद को रोक नहीं सके और पिंजड़े में बंद बार बालाओं के ठुमके पर झूमते हुए नजर आ रहे है. ‘नेताजी‘ जब और रंग में आये तो बारबाला तक पहुंचने के लिए वाहन पर चढ़ने की भी कोशिश कर रहे है.
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियों बिलरियागंज थाना क्षेत्र के बरोही फत्तेपुर गांव में 22 मई को आयोजित एक शादी समारोह की है. जहां कोविड गाइड लाइन की जमकर धज्जिया उड़ाई गयी. बिना मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के सैकड़ों लोग बार बालाओं का डांस देखने के लिए झुंड में मौजूद रहे. अब सवाल उठता है कि जब जिम्मेवार लोग ही इस तरीके से नियमों की धज्जियां उड़ाएंगे तो आम जनता का क्या होगा।












