वॉशिंगटन. भारत-अमेरिका के राष्ट्र प्रमुखों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति जो बाइडन के बीच सोमवार को चर्चा हुई. फोन पर हुई बातचीत के बाद बाइडन ने कोरोना संक्रमण के इस मुश्किल वक्त में भारत की मदद करने की बात कही है. उन्होंने कहा कि जरूरत के वक्त भारत अमेरिकियों के लिए मौजूद था और इस संकट में अमेरिका भी उसके साथ खड़ा रहेगा. इस चर्चा के बाद बाइडन प्रशासन भारत को कोविड-19 महामारी के खिलाफ जंग में मदद देने की तैयारी शुरू कर दी है.
व्हाइट हाउस की तरफ से भारत को ऑक्सीजन सप्लाई, कोविड-19 वैक्सीन के लिए कच्चा माल की मदद दी जाने की तैयारी है. इसके अलावा अमेरिका पीपीई किट्स और जरूरी दवाएं भी मुहैया कराएगा. फोन पर बातचीत के बाद बाइडन ने ट्वीट किया ‘आज मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की और कोविड-19 के खिलाफ जंग में आपातकालीन सहायता और संसाधन प्रदान करने के लिए अमेरिका के पूर्ण समर्थन का वादा किया. भारत हमारे लिए खड़ा था और हम उनके लिए खड़े रहेंगे.’












