जौनपुर, संकल्प सवेरा : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदान के बाद अब मतगणना की तैयारी में जिला प्रशासन युद्ध स्तर पर लग गया है। इस बार की मतगणना में कोरोना संक्रमण को देखते हुए विशेष ख्याल रखा गया है। इस बार चार पदों प्रधान, बीडीसी, जिला पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत सदस्य पद पर चुनाव होने के कारण दो शिफ्ट में कर्मचारी मतगणना के लिए लगाए जाएंगे। प्रथम शिफ्ट सुबह आठ से रात आठ बजे तक व दूसरी शिफ्ट रात आठ से सुबह आठ बजे तक रहेगा। पहले जहां एक न्याय पंचायत पर दो टेबल लगते थे, अबकी बार कोरोना को देखते हुए चार टेबल लगेंगे। जिले में पंचायत चुनाव की मतगणना दो मई को सभी 21 ब्लाकों पर सुबह आठ से मतगणना होगी। इसके लिए कुल नौ हजार 200 कर्मियों की ड्यूटी मतगणना कार्मिकों के रूप में लगाई गई है। इसमें कुल 1932 मतगणना के लिए पार्टियां बनाई गई है। एक न्याय पंचायत पर चार टेबल लगाया जाएगा, इसमें एक टेबल पर एक सुपरवाइजर व तीन गणना सहायक मतगणना करेंगे। कुल 218 न्याय पंचायत पर 872 मतगणना के टेबल लगाए जाएंगे। 28 व 29 अप्रैल को टीडी
कालेज में प्रशिक्षण
मतगणना के लिए 28 व 29 अप्रैल को टीडी इंटर कालेज में प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसमें सुबह नौ से 11 बजे तक, दोपहर 12 से दो बजे तक, तीन से पांच बजे तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। कुल नौ हजार 200 कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए 27 कमरों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। एक कमरे में 40-44 कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाना है। मतगणना के लिए प्राथमिक शिक्षक, इंटर कालेज प्रवक्ता, जेई आदि लगाए गए हैं। इनको प्रशिक्षण मास्टर ट्रेनर देंगे। सुपरवाइजर में जेई व बैंक के कर्मचारी रहेंगे, जबकि गणना सहायक में क्लास वन व क्लास टू के कर्मचारी लगाए गए हैं। इस बार जल्दी मतगणना
की होगी तैयारी
वर्ष 2010 में हुए पंचायत चुनाव की मतगणना में जहां 72 घंटे लग जाते थे, अबकी बार इसको 24 घंटे में पूरा करने की तैयारी है। पहले एक न्याय पंचायत पर दो टेबल लगते थे, इस बार कोरोना को देखते हुए चार टेबल लगाए जा रहे हैं। आयोग का निर्देश है कि जिला निर्वाचन अधिकारी अपने स्तर से मतगणना जल्दी कराने के लिए निर्णय ले सकते हैं।
वर्जन..
सहायक मतगणना अधिकारी बीबी सिंह ने बताया कि मतगणना की तैयारी पूरी हो गई है। 28 व 29 अप्रैल को टीडी इंटर कालेज में प्रशिक्षण दिया जाएगा। दो मई को मतगणना सभी 21 ब्लाकों पर कराई जाएगी। मतगणना में करीब नौ हजार 200 कर्मियों को लगाया गया है।












