गभिरन(जौनपुर): खुटहन थाना क्षेत्र के चककुतबी गांव में बाजार से घर लौट रहे युवक की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या का कारण साफ नहीं हो सका है। पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुटी है।
चककुतबी गांव निवासी सत्य प्रकाश मिश्र उर्फ वकील (38) पुत्र बेचू मिश्र की पत्नी करीब एक दशक पूर्व उन्हें छोड़कर चली गई थी। इसके बाद वह आजमगढ़ जिला मुख्यालय पर पान की दुकान चलाते थे। वह तीन दिन पहले घर आए थे। शाम को वह पैदल घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर पट्टी नरेंद्रपुर बाजार गए थे। वहां से करीब सात बजे घर लौट रहे थे। गांव के मोड़ पर खड़ंजा मार्ग पर पहुंचे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी और भाग गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो सत्य प्रकाश मिश्र को मृत पड़ा पाया। उनकी कनपटी व सीने के पास गोली लगी थी। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण खुटहन के साथ ही सरपतहां थाने की पुलिस भी मौके पर
आ गई। सत्य प्रकाश मिश्र के स्वजन हत्या के कारणों के बारे में अनभिज्ञता जता रहे हैं। उनका कहना है कि किसी से भी सत्य प्रकाश या परिवार की किसी तरह की रंजिश नहीं थी। पुलिस शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन में जुटी है।












