जौनपुर। गत तीन दिन से उमड़ घुमड़ रहे बादलों ने शुक्रवार की रात से आसमान को पूरी तरह से घेर लिया। इस दौरान जिले में कई स्थानों पर रात में बूंदाबांदी हुई वहीं कुछ स्थानों पर शनिवार की भोर में बारिश हुई। बादलों की घेरेबंदी और बूंदाबांदी से न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। शुक्रवार की रात 11:00 बजे जहां न्यूनतम तापमान 20 डिग्री दर्ज किया गया वहीं शनिवार की सुबह सात बजे 18 डिग्री रहा।
बादलों के चलते सुबह 8:00 बजे तक सूर्य के दर्शन नहीं हो सके थे। कृषि विज्ञान केंद्र बक्सा के मौसम वैज्ञानिक डा. पंकज जायसवाल ने बताया कि मौसम विभाग के अनुसार आगामी पांच दिनों में 12 से लेकर 16 दिसंबर तक बारिश की संभावना नहीं है। आमतौर पर कभी-कभी बादल छाए रहेंगे, अधिकतम तापमान 27-28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11-12 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। नमी 85-95 फीसद, हवा की गति 6-12 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। सुबह और रात को धुंध और कोहरा छाए रहेंगे। ठंड बढ़ने की भी संभावन है। आने वाले दिनों में विजिबिलिटी रेंज घटेगी, इसलिए वाहन चलाते समय सतर्क रहें।