थानागद्दी। कोतवाली क्षेत्र के बराई गाव निवासी आरपीएफ जवान की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मौत की खबर सुनकर क्षेत्र सहित परिजनों में कोहराम मच गया। रविवार को थानागद्दी पुलिस चौकी क्षेत्र बिसूई बराई गांव निवासी 35 वर्षीय रविन्द्र प्रताप सिंह पुत्र आद्या सिंह की बुलेट व ट्रैक्टर की टक्कर में मौत हो गयी।
जानकारी के अनुसार रविन्द्र प्रताप सिंह आरपीएफ का जवान रहे जो वाराणसी में तैनात थे। रविन्द्र अपने गांव बिसूई से वाराणसी बुलेट से ड्यूटी करने के लिए जा रहे थे कि सिंधौरा-भोजूबीर मार्ग स्थित गरथमा बाजार थाना चोलापुर में वाराणसी की तरफ से आ रही तेज गति की ट्रैक्टर ने अनियंत्रित होकर सामने से जा रहे बुलेट सवार रविन्द्र प्रताप को रौंदते हुए सड़क किनारे दुकान में घुस गया।बुलेट सवार आरपीएफ जवान की मौके पर ही मौत हो गयी। ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। इस दुर्घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया।परिजन सूचना पाकर घटना स्थल पर गए। पुलिस मृत आरपीएफ जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए साथ लेकर चली गयी।











