जौनपुर में दो गोतस्कर गिरफ्तारः छापेमारी में तमंचा और गांजा बरामद
संकल्प सवेरा,जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के हौज टोलप्लाज़ा के पास शनिवार की रात को पुलिस ने एक डीसीएम में पांच गाय, एक गोवंश को पकड़ा है। मौके पर दो गोतस्करों को भी असलहा तथा डेढ़ किलो गांजा के साथ दबोच लिया। हालांकि एक गोतस्कर भागने में सफल रहा। पुलिस ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस की टीम गोतस्करों के ऊपर नजर बनाए हुए थी। पुलिस की टीम के साथ विहिप के जिले के गो सेवा प्रमुख पवन मिश्र, सिरकोनी ब्लॉक के गो सेवा प्रमुख रतन सिंह परमार अपने अन्य सहयोगियों के साथ टोलप्लाजा पर मौजूद थे।
उसी समय एक डीसीएम आई। पुलिस को देखकर डीसीएम चालक हड़बड़ी में डीसीएम बन्द करके उतरने लगा। तब तक पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने उसमें सवार अयोध्या जिले के अवनीश यादव पुत्र गिरीश यादव तथा आदर्श यादव पुत्र केशवराम यादव को गिरफ्तार कर लिया।
छापेमारी में एक तमंचा बरामद
उनके साथ जब डीसीएम में जाकर देखा गया तो उसमें पांच गाय तथा एक गाय बछड़े के साथ बंधी हुई थी। उन लोगों ने पुलिस को बताया कि यह गायें अयोध्या से बिहार ले जाई जा रही थी। पुलिस ने जब दोनों की तलाशी ली तो अवनीश यादव के पास एक तमंचा बरामद हुआ। तथा आदर्श के पास से एक झोले में डेढ़ किलो गांजा भी बरामद हुआ। सभी गायों को पहले गोसेवकों ने चारा पानी की व्यवस्था की। उसके बाद पुलिस दोनों गोतस्करों को थाने ले गई।
थाना प्रभारी राजेश यादव ने बताया कि इनके ऊपर काफी दिनों से नजर रखी जा रही थी। इनके द्वारा अन्य जानकारी एकत्रित की जा रही है। जल्द ही और गोतस्करों को पकड़ा जाएगा।