सोते समय वृद्ध को मार दी गोली, हालत गंभीर, दो आरोपित भी गिरफ्तार
संकल्प सवेरा,केराकत।केराकत कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मुरारा में रविवार की रात पड़ोसियों ने घर के बाहर सो रहे वृद्ध को गोली मार दिया और फरार हो गए। गम्भीर रूप से घायल वृद्ध को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया जहां स्थिति गंभीर देख चिकित्सको ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जबकि तीसरे की तलाश की जा रही है।
इन्द्रसेन सिंह 63 अपने घर के सामने खाट पर सोए थे, लगभग 12 बजे कुछ लोगों ने आकर उन्हे गोली मार दी। गोली लगने के बाद इन्द्रसेन सिंह गिरकर तड़पने लगे। गोली की आवाज सुनकर जब परिजन बाहर आए तो घायलावस्था में उन्हे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया।
स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन मौके पर पहुंचे, छानबीन करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। घायल की पुत्री की तहरीर पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा का दर्ज लिया। वहीं तीसरे आरोपित की तलाश की जा रही है।












