जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में रविवार को आजमगढ़ जनपद के एक स्कूल के छात्र छात्राओं ने शैक्षणिक भ्रमण किया। शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम में पहुंचे छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुजीत कुमार जायसवाल ने कहा कि जीवन में शिक्षा से ही सब कुछ अर्जित किया जा सकता है। ईश्वर ने हमें सृजन करने के लिए धरती पर भेजा है सदैव सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब आप 12वीं की पढ़ाई पूरी कर लेंगे उसके बाद विश्वविद्यालय में अपने सपनों की उड़ान को पूरा करने के लिए पढ़ाई कर सकते हैं।उन्होंने कहा कि मां बाप के सभी आदेशों का पालन करना चाहिए और गुरु द्वारा दी जाने वाली शिक्षा को अपने जीवन में और चरित्र में उतारने पर ही कोई बड़ा बन सकता है।
जनसंचार विभाग के अध्यक्ष डॉ मनोज मिश्र ने भी विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के बारे में बताया। विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के एकलव्य स्टेडियम विभिन्न भवनों का अवलोकन कर जानकारी प्राप्त की।