संकल्प सवेरा पंजाब अपनी कॉमेडी से लोगों के दिलों पर राज करने वाले भगवंत मान कुछ ही देर में पंजाब के 25वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। शहीद भगत सिंह के गांव खटकड़कलां में आयोजित समारोह में पूरे पंजाब से लाखों लोग पहुंच चुके हैं। राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे
पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 92 सीटों पर ऐतिहासिक जीत हासिल की है। कांग्रेस को 18, अकाली दल को 3 और भाजपा को 2 सीटों पर जीत मिली। आप ने इस बार भगवंत मान को सीएम चेहरा प्रोजेक्ट कर चुनाव लड़ा था
भगवंत मान ने कहा-आज एक नया सवेरा
शपथ ग्रहण से पहले भगवंत मान ने ट्वीट कर कहा कि सूरज की सुनहरी किरण आज एक नया सवेरा लेकर आई है। शहीद भगत सिंह और बाबा साहब के सपनों को साकार करने के लिए आज पूरा पंजाब खटकड़ कलां में शपथ लेगा। शहीद भगत सिंह जी की सोच पर पहरा देने के लिए मैं उनके पैतृक गांव खटकड़ कलां के लिए रवाना हो रहा हूं
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे भगवंत मान एक्शन मोड में आ गए हैं। पंजाब सरकार की ओर से 57 पूर्व मंत्री और सत्ता से बेदखल हुए विधायकों को सरकारी बंगले खाली करने का अल्टीमेटम दे दिया है।
आम आदमी पार्टी की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, कैप्टन अमरिंदर सिंह, पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू को भी निमंत्रण भेजा गया है। समारोह में हास्य अभिनेता कपिल शर्मा और राजू श्रीवास्तव के भी पहुंचने की उम्मीद है।
आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि आज पंजाब के लिए बहुत बड़ा दिन है। नई उम्मीद की इस सुनहरी सुबह में आज पूरा पंजाब इकठ्ठा होकर एक खुशहाल पंजाब बनाने की शपथ लेगा। उस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए मैं भी शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां के लिए रवाना हो गया हूं।
भगवंत मान के बेटा और बेटी भी शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेंगे। मान के दोनों बच्चे अमेरिका से देर रात चंडीगढ़ पहुंचे।
खटकड़ कलां में भगवंत मान के शपथ ग्रहण समारोह स्थल पर लोगों का आना शुरू हो गया है। मान ने राज्य के लोगों को समारोह के लिए आमंत्रित किया था, जिसमें पुरुषों से ‘बसंती (पीली)’ पगड़ी और महिलाओं को पीला ‘दुपट्टा’ पहनने का आग्रह किया गया था।