विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन का मंदिर होता है: कृपाशंकर सिंह

जौनपुर, संकल्प सवेरा। शनिवार को तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज में भव्य पुरातन छात्र सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके पूर्व छात्र बड़ी संख्या में शामिल हुए। विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया। इसके पूर्व ठाकुर तिलकधारी सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुई।
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व गृह राज्यमंत्री, महाराष्ट्र एवं जौनपुर लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी श्री कृपाशंकर सिंह ने अपने छात्र जीवन की यादें साझा करते हुए कहा कि “आज लगभग साठ वर्षों बाद अपने उस विद्यालय की धरती पर आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है, जहाँ से हमने शिक्षा ग्रहण कर जीवन की दिशा और संस्कार प्राप्त किए। इस विद्यालय से जुड़ी अनगिनत स्मृतियाँ आज भी मेरे हृदय में जीवित हैं।”
उन्होंने विद्यालय परिवार द्वारा आयोजित पुरातन छात्र सम्मेलन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सभी के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करते हैं। इससे पुराने विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों एवं सहपाठियों से पुनः मिलने का अवसर मिलता है, वहीं वर्तमान छात्रों को अपने वरिष्ठों के अनुभवों से प्रेरणा और मार्गदर्शन प्राप्त होता है।
श्री सिंह ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की सफलता की पहली नींव उसके विद्यालय में ही रखी जाती है। विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन, नैतिकता और व्यक्तित्व निर्माण का मंदिर होता है। उन्होंने कहा कि आज वे जिस भी स्थान पर हैं, उसमें तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज के शिक्षकों के मार्गदर्शन, अनुशासन और शिक्षा का महत्वपूर्ण योगदान है।
अंत में श्री कृपाशंकर सिंह ने विद्यालय प्रबंधन समिति, प्रधानाचार्य एवं समस्त शिक्षकों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित होने चाहिए, जिससे विद्यालय और उसके पूर्व छात्रों के बीच आत्मीय संबंध और अधिक मजबूत हों तथा शिक्षा और समाज के विकास में सभी मिलकर अपना योगदान दे सकें। कार्यक्रम को पूर्व सांसद विद्यासागर सोनकर,श्याम सिंह यादव, धनंजय सिंह, ज्ञानप्रकाश सिंह,सुरेंद्र सिंह,समेत आदि लोगों ने सम्बोधित किया,इस मौके पर भाजपा प्रवक्ता ओमप्रकाश सिंह, सत्यप्रकाश सिंह,बृजेश सिंह प्रिंशु,सर्वेश सिंह,अजय सिंह, डॉ वीरेंद्र सिंह नवाब सहित आदि लोग रहे।











