राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मिले कृपाशंकर सिंह
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पर हुई विस्तृत चर्चा
जौनपुर,संकल्प सवेरा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से जौनपुर लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं महाराष्ट्र सरकार के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने मुलाकात कर बधाई दिया,यह मुलाकात आगामी राजनीतिक रणनीति तथा जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
भेंट के दौरान कृपाशंकर सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को जौनपुर सहित पूर्वांचल के विकास कार्यों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों से अवगत कराया। दोनों नेताओं के बीच आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। चुनावी तैयारियों, बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष चर्चा की गई।
कृपाशंकर सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मूल उद्देश्य राष्ट्रहित, सुशासन और जनसेवा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में भी बेहतर प्रदर्शन करेगी और कार्यकर्ता पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाएंगे।
श्री सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में पार्टी संगठन लगातार मजबूत हो रहा है तथा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हो रहा है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।












