रोहित यादव ने बढ़ाया जौनपुर और प्रदेश का मान : जगदीश सोनकर
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के घर के पास खड़ंजा रोड भी नहीं, प्रशासन से की बात
पिता ने जैवलिन खरीदने के लिए मित्र से लिया था कर्ज
जौनपुर, संकल्प सवेरा। मछलीशहर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अदारी निवासी एवं विश्व के नंबर-2 जैवलिन थ्रोअर बने रोहित यादव की ऐतिहासिक उपलब्धि पर मछलीशहर के पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता जगदीश सोनकर ने उनके आवास पहुंचकर माता-पिता से मुलाकात की और परिवार को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की ओर से रोहित यादव के पिता सभाजीत यादव को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। घर पहुंचने पर उन्हें जानकारी मिली कि इस तरह सैकड़ो गोल्ड मेडल और पुरस्कार रोहित यादव को मिले हैं। जिसे उनके पिता ने एक टेबल पर सजा के रखा था। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के घर जाने के लिए खड़ंजा की भी रोड नहीं थी इस पर पूर्व मंत्री जगदीश सोनकर ने जिला प्रशासन से बात की।
प्रदेश के पूर्व मंत्री जगदीश सोनकर ने कहा कि रोहित यादव की यह सफलता केवल मछलीशहर विधानसभा या जौनपुर जनपद की ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर रोहित ने विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाकर युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत का कार्य किया है। उनकी उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं में खेलों के प्रति नया उत्साह और आत्मविश्वास पैदा होगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव उन प्रतिभाओं के साथ खड़ी रहती है जो अपनी मेहनत और लगन से देश का गौरव बढ़ाते हैं। ऐसे खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग और प्रोत्साहन दिलाने के लिए पार्टी तथा हमारी सरकार निरंतर प्रयासरत है।
पूर्व विधायक ने कहा कि मछलीशहर विधानसभा की जनता ने उन्हें वर्षों तक सेवा का अवसर दिया है, जिसके लिए वे सदैव आभारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अधिकांश परिवारों से उनका आत्मीय संबंध है और आगे भी उनकी कोशिश रहेगी कि प्रत्येक व्यक्ति तक व्यक्तिगत रूप से पहुंचकर उनके सुख-दुख में सहभागी बनें तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने अदारी गांव के रोहित यादव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह आने वाले अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भारत का तिरंगा ऊंचा लहराकर देश, प्रदेश और जौनपुर का नाम विश्व पटल पर और अधिक गौरवान्वित करेंगे। उनके पिता सभाजीत यादव ने कहां कि मछली शहर लोकसभा की साँसद बगल में आई थी लेकिन मेरे घर आना उन्होंने उचित नहीं समझा इसी तरह क्षेत्र की विधायक भी मेरे घर नहीं आई इसका उन्हें मलाल रहेगा। जब उनके पिता सभाजीत यादव ने बताया उन्होंने जैवलिन खरीदने के लिए अपने मित्र से पैसा उधार लिया था, तब पूर्व विधायक की आंखें गीली हो गई। उन्होंने कहा कि इस गांव के लिए कुछ बड़ा करने की योजना पर काम करूंगा ताकि रोहित यादव की मेहनत जिले ही नहीं पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत बने। पूर्व विधायक जगदीश सोनकर के प्रति उन्होंने आस्था जताते हुए कहा कि आप लगातार क्षेत्र में बने रहते हैं और हर लोग की समस्याओं को सुनते हैं किसी भी अच्छे जनप्रतिनिधि में ऐसे गुण होने चाहिए जो निस्वार्थ होकर जनता की सेवा कर सके। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हुआ क्षेत्रीय लोग उपस्थित थे। पूर्व विधायक के अदारी गांव में आने की सूचना पर वहां पर काफी संख्या में लोग उनसे मिलने के लिए इकट्ठा हो गए ।












