जौनपुर में दूल्हा हत्याकांड में एक आरोपित मुठभेड़ में ढ़ेर
जौनपुर, संकल्प सवेरा। चर्चित दूल्हे आजाद बिंद हत्याकांड में नामजद फरार तीनों आरोपितों में से एक को 25 दिन बाद खेतासराय थाना क्षेत्र के सोंधी निवासी रवि यादव को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया है।
एक-एक लाख का इनाम घोषित करने के बाद एसआईटी के साथ ही एसटीएफ आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के चिकसांवा निवासी प्रदीप बिंद, खेतासराय थाना क्षेत्र के सोंधी निवासी रवि यादव व सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जपटापुर का भोले राजभर की लगातार तलाश कर रही थी। पुलिस ने मिले इनपुट के आधार पर रवि यादव को सोमवार भोर में मार गिराया है।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी 24 वर्षीय आजाद बिंद का विवाह खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर (जमदहां) निवासी मोरख नाथ बिंद की पुत्री सोनी बिंद के साथ तय हुआ था।
एक मई का रात बरात लेकर जाते समय घर से लगभग सात किलोमीटर दूर खेतासराय के बादशाही बाजार के पास लगभग 8.30 बजे बाइक सवार नकाबपोश हमलावर कार रोककर आजाद बिंद को गोली मार हत्या कर फरार हो गए थे।
आजाद बिंद के पिता राम लखन बिंद की तहरीर पर तीनों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस शरणदाता व सहयोगियों के रूप में 13 को अभी तक गिरफ्तार भी कर चुकी है।











