सड़क दुर्घटना में एक की मौत, दो गंभीर
शाहगंज, जौनपुर। क्षेत्र के अयोध्या मार्ग स्थित बैंकर्स कालोनी के समीप बीती देर रात बाइक सवार तीन युवकों को तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने सभी को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। दो युवकों की हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की खबर लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
कोतवाली क्षेत्र के ताखा पश्चिम शिवपुर गांव निवासी शिवम चौहान (21) पुत्र राम कृपाल, नवीन चौहान (18) पुत्र महेंद्र कुमार व शुभम उर्फ गोलू (21) पुत्र पंचम एक ही बाइक पर सवार होकर शाहगंज से अपने घर जा रहे थे। बैंकर्स कालोनी के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में तीनों युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां चिकित्सक ने शिवम चौहान को देखते ही मृत घोषित कर दिया, जबकि नवीन व शुभम की हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने में सफल हो गया।
घटना की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए वाहन और चालक की तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुटी रही।











