बिना दुल्हन लौटी बारात डीजे बजाने पर नहीं हुआ निकाह
जौनपुर,संकल्प सवेरा। बक्शा थाना क्षेत्र के बरपुर गांव में मंगलवार की रात आई बारात में डीजे बजाने से नाराज दोनों पक्षों में विवाद हो गया। थाने पर मामला पहुंचने के बाद बिना शादी किए बारात वापस लौट गई। शादी कराने वाले मौलवी ने कहा डीजे बजेगा तो हम शादी में नहीं आएंगे, जिस पर दोनों पक्षों में सहमति दो दिन पहले हुई थी।
लेकिन बारात जैसे ही आई नाश्ता करने के बाद डीजे बजना शुरू हो गया। जिस पर मौलवी नाराज हो गए। मामले को बिगड़ता देख किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर देर रात पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने बुलाया। यहां आपसी सहमति न बनने पर बुधवार दोपहर दोनों पक्ष में सुलह समझौता के बाद बिना दुल्हन के बारात चली गई।
सिकरारा थाना क्षेत्र के बरौली गांव निवासी शकील की शादी बक्शा थाना क्षेत्र के बरपुर गांव निवासी मुस्तफा की बेटी के साथ तय थी। समय से बारात पहुंची तो आवभगत के बाद शादी के रस्म की तैयारी शुरू हो गई। इस दौरान वर पक्ष की तरफ से लाया गया डीजे बजने लगा। इसी बात को लेकर कन्या पक्ष के लोगों ने ऐतराज जताया।
दोनों पक्षों में बात बढ़ी तो विवाद थाने पहुंच गया। दोनों पक्षों में असहमति बनने पर एक दूसरे ने थाने पर ही आपस में सुलह समझौता कर बिना शादी बारात वापस चली गई। प्रभारी निरीक्षक बक्सा ने बताया दोनों पक्ष थाने पर आए थे शादी के लिए तैयार नहीं थे। बाद में आपसी सहमति से चले गए।













