धनंजय सिंह के सहारे उत्तर प्रदेश में ‘तीर’ चलाएंगे नीतीश
JDU से धनंजय सिंह पर दांव लगाने की तैयारी;
यूपी में जदयू 2004 के बाद कोई भी लोकसभा सीट पर चुनाव नहीं जीत सकी है।
INDIA गठबंधन से मैदान में उतारने पर जोर
संकल्प सवेरा। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए तमाम दल अब गठबंधन के मोहरे सेट करने में लगे हैं। इसी कड़ी में INDIA गठबंधन में शामिल जनता दल (यू) इस बार बिहार के साथ UP में भी चुनाव लड़ना चाहती है। नीतीश कुमार की JDU धनंजय सिंह पर दांव लगाकर अपना खाता खोलना चाहती है।
1999, 2004 व 2009 का चुनाव जेडीयू ने बीजेपी के साथ मिलकर यूपी में लड़ा था। 2004 में जदयू के उम्मीदवार कुंवर सर्वराज सिंह ने बरेली के आंवला सीट से जीत दर्ज की थी। जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह वर्तमान में जनता दल (यू) के राष्ट्रीय महासचिव हैं। यूपी में जदयू 2004 के बाद कोई भी लोकसभा सीट पर चुनाव नहीं जीत सकी है। ऐसे में 2009 के बाद लोकसभा चुनाव जीतने का सपना संजोए धनंजय सिंह और जदयू को उम्मीद है कि INDIA गठबंधन में उन्हें भी जगह मिलेगी।
‘धनंजय सिंह को सीट मिलती है तो मुझे प्रसन्नता होगी’ जदयू के नेता केसी त्यागी ने कहा कि यूपी में हम एनडीए के साथ चुनाव लड़ते रहे हैं। ये पहला अवसर है। INDIA गठबंधन में हैं। हम यूपी की बड़ी पार्टी सपा प्रमुख अखिलेश यादव से बात करेंगे। धनंजय सिंह के चुनाव लड़ने पर केसी त्यागी कहते हैं कि धनंजय सिंह विधायक रह चुके हैं। सांसद रह चुके हैं। एनडीए के समय हमारे विधायक रहे हैं। हमे प्रसन्नता होगी, अगर गठबंधन में उन्हें भी सीट मिलती है।
धनंजय सिंह ने 2002 में पहली बार बतौर निर्दलीय प्रत्याशी जौनपुर की मल्हनी सीट से मैदान में उतरे और जीत दर्ज की। इसके बाद 2007 के चुनाव में जदयू के टिकट पर मल्हनी सीट से जीत दर्ज की। 2009 आते-आते उन्होंने बसपा का दामन थाम लिया।
2009 में पहली बार बसपा के टिकट पर जौनपुर से लोकसभा का चुनाव जीत कर संसद पहुंचे। 2014 के लोकसभा चुनाव और 2017 के विधानसभा चुनाव में धनंजय सिंह को हार का सामना करना पड़ा। वर्तमान में धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला सिंह जौनपुर जिला पंचायत की अध्यक्ष है।
जदयू ने दिया अहम पद जदयू ने केसी त्यागी जैसे दिग्गज नेता को यूपी में दरकिनार करते हुए धनंजय सिंह को राष्ट्रीय महासचिव बनाया। जिसके कई मायने निकाले जा रहे हैं। धनंजय सिंह ठाकुर बिरादरी से आते हैं । पूर्वांचल में उनकी छवि है। ऐसे में चर्चा है जनता दल (यू) आगामी लोकसभा चुनाव में धनंजय सिंह व नीतीश कुमार के सहारे सामान्य व पिछड़ी जातियों के मत को कब्जे में करने की कोशिश करेगी।
फिलहाल, जदयू के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने धनंजय सिंह के लिए सीट की चाहत जता कर यूपी में जदयू के लोकसभा चुनाव लड़ने का संकेत दे दिया है। चर्चा नीतीश कुमार के फूलपुर सीट से चुनाव लड़ने की जोरों पर है। शायद यही वजह है कि धनंजय सिंह को जेडीयू यूपी में बड़ी जिम्मेदारी दी है।