दो घरों में सेंधमारी कर लाखों के आभूषण व नकदी चोरी
सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के कंधरापुर और हड़हीं का मामला
करंजाकला,संकल्प सवेरा। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कंधरापुर गांव में गुरुवार की रात घर के पीछे एक कमरे में सेंधमारी कर चोर सोने चांदी के आभूषण व नकदी उठा ले गए।
कंधरापुर गांव निवासी लालमन विश्वकर्मा के मकान में गुरुवार की रात पीछे से सेंधमारी कर चोर बक्से में रखे सोने चांदी के आभूषण मांग टीका,झाला, चेन, पायल और 15000 हजार रुपया नकदी उठा ले गए। जिस कमरे में चोरों ने सेंधमारी किया था वह पीछे था जिस वजह से जानकारी देर में हुई।लालमन विश्वकर्मा ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग किया है। मौके पर पहुंचकर पुलिस कर्मियों ने छानबीन की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। मुकदमा दर्ज किए बिना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
इसी थाना क्षेत्र के हड़हीं गांव में बेबी सोनकर के घर में भी चोर पीछे से दीवार काटकर अंदर घुस गए। और बक्से में रखा सोने चांदी का आभूषण करधन,पायल, छागल, बाली आदि उठा ले गए। भुक्तभोगी ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग किया है।












