संकल्प सवेरा,लखनऊ। कोरोना संक्रमण के कारण बीते दो वर्ष से भव्य रामलीला से वंचित अयोध्यावासियों को इस बार बालीवुड का तड़का भी देखने को मिलेगा।
रामनगरी अयोध्या में सरयू नदी के किनारे लक्ष्मण तट पर होने वाली रामलीला में इस बार भारतीय जनता पार्टी से लोकसभा के सदस्य मनोज तिवारी , रवि किशन और दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ भी बड़ी भूमिका में रहेंगे। राम नगरी में तैयार हो रहे भव्य राम मंदिर के साथ ही अब रामलीला में बालीवुड का तड़का भी लग रहा है।
अयोध्या में रामलीला 25 सितंबर से होनी है। सरयू नदी के तट पर मंच बनेगा। यहां पर करीब पांच हजार लोगों के एक साथ बैठने की व्यवस्था भी की जा रही है। फिल्मी सितारों से सजी इस रामलीला में भगवान राम की भूमिका में राहुल बुच्चर तथा सीता की भूमिका में दीक्षा रैना रहेंगे। इसका आयोजन पांच अक्टूबर तक होगा। करीब दो वर्ष रामलीला प्रेमियों को मंच के सामने बैठकर रामायण के पात्रों में फिल्मी सितारों को देखने का मौका मिलेगा।
अयोध्या नगरी 25 सितंबर से पांच अक्टूबर तक बालीवुड की रामलीला का गवाह बनेगी। रामलीला के लिए 1600 फुट का एलईडी सेट तैयार किया जा रहा है। शाम को सात बजे से रात के दस बजे तक रामलीला के मंचन का कई चैनल पर सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।
अयोध्या की रामलीला में पूर्वी दिल्ली से भाजपा के सांसद मनोज तिवारी, गोरखपुर से भाजपा के सांसद रवि किशन और आजमगढ़ से भाजपा के सांसद दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ भी रहेंगे। इनमें मनोज तिवारी को परशुराम और रवि किशन को केवट की भूमिका दी गई है।
इन सभी के साथ अन्य सितारे भी किसी ना किसी पात्र को निभाएंगे। हनुमान की भूमिका में बिंदू दारा सिंह हनुमान, राजा जनक की भूमिका में गजेन्द्र चौहान, रावण की भूमिका में शाहबाज खान, राजा दशरथ की भूमिका में गिरजा शंकर, महर्षि विश्वामित्र की भूमिका में रजा मुराद तथा कैकई की भूमिका में उपासना सिंह रहेंगी। रामलीला समिति के अध्यक्ष सुभाष मलिक बाबी हैं।