संकल्प सवेरा। बदलापुर क्षेत्र में फोरलेन बाईपास के पास गुरुवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के बाद 20 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार हुआ। बदमाश के पैर में गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्त में आया बदमाश राजकुमार निवासी रामपुर थाना बदलापुर है।
उसके खिलाफ सिंगरामऊ, बदलापुर और महाराजगंज थाने में छह से अधिक संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज है। वह विगत 8 माह से फरार चल रहा था। प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह सिपाहियों के साथ गुरुवार रात लेदुका क्षेत्र में निकले थे। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि एक शातिर अपराधी बाइक से बदलापुर के रास्ते घनश्यामपुर की तरफ जा रहा है
बदमाश की सूचना थानाध्यक्ष महराजगंज को देते हुए वो और उनकी टीम बटाऊबीर की तरफ से आगे बढ़ ही रहे थे कि करीब 12:40 बजे फोरलेन बाईपास पुल के नीचे एक बाइक सवार आता दिखाई पड़ा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया और सर्विस रोड से भागने लगा
इसी बीच थानाध्यक्ष महाराजगंज संतोष शुक्ला भी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बाइक सवार बदमाश राजकुमार के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। मौके से एक अदद बाइक, एक तमंचा 32 बोर, एक खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुआ। स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया












