चलचित्रों के माध्यम से मतदाताओं को किया गया जागरूक
संकल्प सवेरा, जौनपुर। विकास खंड मछलीशहर की ग्राम पंचायत बामी में मतदाता जागरूकता के लिये चलाये जा रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में ग्राम प्रधान श्रीमती सरोज सिंह की उपस्थिति में पंचायत भवन सभागार में वृहस्पतिवार को आडियो -वीडियो माध्यम से लघु चलचित्रों का मतदाता जागरूकता के लिये प्रस्तुतिकरण किया गया।
जिसमें चुनाव आयोग द्वारा जारी किये गये ऐप के बारे में जानकारी दी गयी। कार्टून के माध्यम से सी-विजिल ऐप के बारे में बताया गया कि चुनाव में प्रत्याशियों द्वारा धन – बल के दुरुपयोग की जानकारी देने पर 100 मिनट के अन्दर की गयी शिकायतों को निस्तारित किया जायेगा। इसी तरह नो योर कैंडिडेट ऐप के माध्यम से प्रत्याशियों की सम्पत्ति, शिक्षा एवं आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से मतदाता पर्ची डाउनलोड की जा सकती है।
ग्राम प्रधान श्रीमती सरोज सिंह ने लोगों से अपील की कि आप लोग अपने राष्ट्र और अपने बच्चों के भविष्य के लिये 7 मार्च को मतदान करने के लिए बूथ पर अवश्य जायें।आज के इस कार्यक्रम में बी एल ओ मीरा सिंह, पंचायत सहायक कनक सिंह, रोजगार सेवक संगीता देवी सहित गांव के बच्चे और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।












