पोस्टर बैनर से पटे मछलीशहर के बाजार,आम आदमी को टिकट पाने के नहीं रहे आसार
संकल्प सवेरा विधानसभा मछलीशहर के बाजार इस समय पोस्टर बैनर तले पट गयें हैं। बड़ी बड़ी होर्डिंग, बिजली के खंभे, पेड़ों की शाखाओं पर लगे बैनर को लेकर कोई भी एक दूसरे से एक कदम पीछे हटने को तैयार नहीं है।खम्भों पर सबसे ऊपर बैनर लगाने का कम्पटीशन चल रहा है। पार्टी से पार्टी की लड़ाई के साथ पार्टी के अन्दर भी टिकट पाने को लेकर महासंग्राम छिड़ा है। भावी प्रत्याशियों के मन यह बात बैठ गई है, कि अधिसूचना के पूर्व का यही प्रचार उनका टिकट पक्का करायेगा।
पानी की तरह हर पार्टी और भावी प्रत्याशियों द्वारा पैसे को बहाना यह स्वयं सिद्ध करता हैं कि एक समाजसेवी, किसान,गरीब, साइकिल से चलने वाला व्यक्ति सिर्फ वोटर हो सकता है प्रत्याशी नहीं। गांव, गरीब,आम आदमी केवल रैलियों का सम्बोधन मात्र रह गया है। किस्मत आजमाईश केवल करोड़ों की गाड़ी से चलने वाले पूंजीपतियों के नाम पर ही होगी पार्टी कोई भी हो।
एक नवंबर से पांच दिसंबर तक चलाये गये मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान में विधानसभा मछलीशहर सहित जिले की नौ विधानसभा सीटों में कुल मिलाकर लगभग 67 हजार मतदाताओं की संख्या बढ़ गयी है। बुधवार को मतदाता सूची का प्रकाशन होने जा रहा है, प्रकाशन के पश्चात अब किसी भी दिन आचार संहिता लागू हो सकती है। ऐसे में भावी प्रत्याशियों द्वारा भी नव वर्ष, मकर संक्रांति, गणतंत्र दिवस की शुभकामना संदेश विधानसभा मछलीशहर के एक एक बिजली का खंभा प्रचारित कर रहा है।












